वृद्धा को स्कूटी से टक्कर मारने का विरोध पड़ा महंगा, दबंगों ने परिवार को पीटा दुर्गा उत्सव महासमिति के पदाधिकारी पीड़ित परिवार के साथ पहुंचे कोतवाली, कार्रवाई की मांग
झांसी। कोतवाली थाना क्षेत्र के पुरानी नझाई में एक वृद्धा को स्कूटी से टक्कर मारने का विरोध करना उसके परिवार को महंगा पड़ गया। आरोप है कि टक्कर मारने वाले व्यक्ति ने अपने साथियों को बुलाकर परिवार के सदस्यों के साथ जमकर मारपीट की। घटना में दो युवकों समेत तीन लोगों को चोटें आई हैं। मामले की जानकारी मिलने पर दुर्गा उत्सव महासमिति के पदाधिकारी पीड़ित परिवार के साथ कोतवाली पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, पुरानी नझाई निवासी शिल्पी साहू ने कोतवाली पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनकी सास घर के पास बने दुर्गा पंडाल के समीप खड़ी थीं। इसी दौरान मोहल्ले में रहने वाले एक व्यक्ति ने कथित तौर पर तेज गति और लापरवाही से स्कूटी चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गईं।
शिल्पी के मुताबिक, चीख-पुकार सुनकर उनके पति अभिषेक साहू, जो दुर्गा उत्सव महासमिति के सदस्य हैं, अपने भाई के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों ने वृद्धा को टक्कर मारने का विरोध किया तो आरोप है कि संबंधित व्यक्ति ने अपने साथियों को बुला लिया। इसके बाद आरोपियों ने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की, जिसमें अभिषेक साहू, उनके भाई और शिल्पी को चोटें आईं।
घटना की जानकारी मिलते ही दुर्गा उत्सव महासमिति के पदाधिकारी पीड़ित परिवार के साथ कोतवाली थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस से मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।