वित्त एवं लेखाधिकारी माध्यमिक का अतिरिक्त प्रभार नीतू सिंह यादव को, शिक्षक संघ ने दी बधाई

प्रयागराज। जनपद प्रयागराज में वित्त एवं लेखाधिकारी बेसिक के पद पर कार्यरत श्रीमती नीतू सिंह यादव को अपर मुख्य सचिव, माध्यमिक शिक्षा की ओर से जारी शासनादेश के क्रम में वित्त एवं लेखाधिकारी माध्यमिक, प्रयागराज का अतिरिक्त प्रभार प्रदान किया गया है और उन्होंने कार्यभार भी ग्रहण कर लिया है। नीतू सिंह 2016 बैच की पीसीएस अधिकारी हैं जो अंबेडकर नगर की निवासी है । इसके पूर्व यह प्रभार जिला पंचायत कार्यालय प्रयागराज में वित्तीय परामर्शदाता के पद पर आसीन विशपाल सिंह के पास था।
अतिरिक्त प्रभार ग्रहण करने के अवसर पर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (एकजुट) के प्रतिनिधिमंडल ने नीतू सिंह यादव से भेंट कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर संघ के पदाधिकारियों ने आशा व्यक्त की कि नीतू सिंह यादव के अतिरिक्त प्रभार ग्रहण करने से माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों एवं कर्मचारियों से संबंधित वेतन, एरियर, पेंशन, जीपीएफ/एनपीएस तथा अन्य वित्तीय प्रकरणों का समयबद्ध एवं सुचारु रूप से निस्तारण होगा। संघ ने विश्वास व्यक्त किया कि लंबित वित्तीय कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कर शिक्षकों एवं कर्मचारियों को राहत प्रदान की जाएगी। शिक्षक संघ (एकजुट) के प्रदेश संरक्षक डा हरि प्रकाश यादव ने कहा कि वित्तीय मामलों के समय से निस्तारण से शिक्षकों एवं कर्मचारियों को अनावश्यक कार्यालयी कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़ेगा तथा विभागीय कार्यों में भी गति आएगी। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष उपेंद्र वर्मा, प्रदेश आय-व्यय निरीक्षक सुरेंद्र प्रताप सिंह, जिलाध्यक्ष देवराज सिंह, जिला मंत्री डी.पी. यादव, मंडली अध्यक्ष सम्राट मिथिलेश मौर्य, मंडली मंत्री लक्ष्मी नारायण सिंह एवं संदीप शुक्ला सहित शिक्षक संघ के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इस खबर को शेयर करें