Uttar Pradesh
एक वर्षीय बेटी के साथ महिला ने टोंस नदी में लगाई छलांग, मां-बेटी की तलाश जारी
प्रयागराज। खीरी थाना क्षेत्र के पालपट्टी गांव के पास शनिवार दोपहर एक महिला ने अपनी एक वर्षीय बेटी के साथ टोंस नदी में छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय नाविकों की मदद से मां-बेटी की तलाश शुरू कराई। रविवार को एनडीआरएफ की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन तेज किया, लेकिन देर शाम तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिल सका था।
जानकारी के अनुसार पालपट्टी गांव निवासी संतोष केवट की पत्नी सरिता (25) शनिवार दोपहर अपनी एक वर्षीय बेटी के साथ गांव के पास स्थित पुल पर पहुंची थी। बताया जा रहा है कि इसी दौरान महिला ने बच्ची को साथ लेकर पुल से टोंस नदी में छलांग लगा दी। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही खीरी थानाध्यक्ष वीर प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय नाविकों की सहायता से नदी में मां-बेटी की तलाश शुरू कराई। नदी के आसपास के संभावित स्थानों पर भी खोजबीन की गई। रविवार सुबह एनडीआरएफ की टीम के दर्जनों जवान मौके पर पहुंचे और नदी में व्यापक स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
खीरी थानाध्यक्ष वीर प्रताप सिंह ने बताया कि महिला पालपट्टी गांव की रहने वाली है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह घरेलू कलह से परेशान बताई जा रही थी। उन्होंने बताया कि मां-बेटी की तलाश के लिए एनडीआरएफ टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है, लेकिन अभी तक दोनों का पता नहीं चल सका है। घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।रविवार शाम तक नदी में तलाश जारी थी। पुलिस और एनडीआरएफ टीम के साथ स्थानीय नाविक भी खोजबीन में जुटे हुए थे।