Uttar Pradesh
प्रभारी मंत्री दारा सिंह चौहान ने दुदही नगर पंचायत कार्यालय एवं डिजिटल लाइब्रेरी का किया लोकार्पण
कुशीनगर -: प्रदेश के कारागार विभाग के मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री दारा सिंह चौहान ने आज दुदही नगर पंचायत में नवनिर्मित आदर्श नगर पंचायत कार्यालय एवं वातानुकूलित डिजिटल लाइब्रेरी का विधिवत पूजन-अर्चन के साथ लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने डिजिटल लाइब्रेरी का अवलोकन कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली तथा इसे विद्यार्थियों एवं युवाओं के लिए उपयोगी सुविधा बताया।
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री ने उपस्थित नगरवासियों को संबोधित करते हुए केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने आयुष्मान भारत सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आमजन को मिल रही सुविधाओं का उल्लेख किया।
कार्यक्रम से पूर्व प्रभारी मंत्री ने गांधी चौक स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके उपरांत सैनिक बैंड एवं मशाल धावकों द्वारा उनका स्वागत किया गया तथा उन्हें नवनिर्मित डिजिटल लाइब्रेरी तक ले जाया गया।
स्थानीय विधायक फाजिलनगर सुरेंद्र सिंह कुशवाहा ने प्रभारी मंत्री का स्वागत किया। कार्यक्रम में नगर पंचायत सेवरही की अध्यक्ष सोनिया जायसवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय, नगर पंचायत अध्यक्ष दुदही शायदा खातून सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने नगर क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों तथा डिजिटल लाइब्रेरी जैसी सुविधाओं को विद्यार्थियों एवं युवाओं के लिए उपयोगी बताया।
प्रभारी मंत्री ने नगर पंचायत अध्यक्ष शायदा खातून एवं कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग करने वाले अजीम आलम सहित संबंधित लोगों को बधाई दी। उन्होंने नगर पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
इस अवसर पर विधायक कसया पीएन पाठक, विधायक हाटा मोहन वर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रेम चंद्र मिश्र, पूर्व चेयरमैन सेवरही त्रिभुवन जायसवाल, सांसद प्रतिनिधि धीरज त्रिपाठी, तमकुहीराज नगर पंचायत अध्यक्ष जेपी गुप्ता, अधिशासी अधिकारी रवि पटेल सहित नगर पंचायत के सभासदगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।