विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की तैयारियों को लेकर डीएम ने की बैठक

भदोही। जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की तैयारियों को लेकर अंतर्विभागीय समन्वय बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को माइक्रोप्लान के अनुसार समयबद्ध तैयारियां पूरी करने और अभियान के दौरान शत-प्रतिशत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया और डायरिया सहित संचारी रोगों की रोकथाम के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। 1 से 31 अक्टूबर तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 12 से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान चलेगा। उन्होंने आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को घर-घर सर्वे के दौरान बुखार, कुपोषण और अन्य स्वास्थ्य संबंधी लक्षणों वाले बच्चों एवं परिवारों की पहचान कर आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। डीएम ने 1 अक्टूबर से पूर्व स्वच्छता, सैनिटाइजेशन, फॉगिंग और एंटी लार्वा छिड़काव की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। तालाबों, नालों एवं नालियों की सफाई तथा जलभराव वाले स्थानों को चिह्नित कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए। उन्होंने निगरानी समितियों को सक्रिय कर घर-घर सर्वे कराने और जरूरतमंद बच्चों को मेडिसिन किट उपलब्ध कराने के साथ महिलाओं एवं कुपोषित बच्चों को पुष्टाहार की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक में जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य, नगर विकास, पंचायतीराज, आईसीडीएस, ग्राम्य विकास, शिक्षा, कृषि, पशुपालन सहित सभी विभागों को स्वास्थ्य विभाग के साथ बेहतर समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुकर पालकों को मानव बस्तियों से दूर सुकर पालन के लिए प्रेरित करने तथा वैकल्पिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई करने को कहा। डीएम ने पिछली कार्ययोजना की तुलना में नई गतिविधियों और नवाचारों को शामिल कर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने तथा डाटा में किसी भी अंतर को तत्काल सत्यापित कर सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने शत-प्रतिशत शौचालय सुनिश्चित कराने और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया। विद्यालयों में प्रभात फेरी एवं प्रार्थना सभा के माध्यम से विद्यार्थियों को संचारी रोगों से बचाव के उपाय बताए जाएंगे। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविन्द शुक्ल, सीएमएस, एसीएमओ, डीपीआरओ संजय मिश्रा, बीडीओ, अधिशासी अधिकारी, चिकित्साधिकारी एवं एमओआईसी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
इस खबर को शेयर करें