Uttar Pradesh
तीनों निलंबित सिपाही रक्षक हैं या भक्षक, जनता तय करे
हाईवे पर ट्रक ड्राइवरों के हाथों वर्दी नीलाम कर रहे तीन सिपाहियों को एसपी ने किया निलंबित
मीरजापुर (अमरेश चंद्र पाण्डेय/ अभय त्रिपाठी) । कहने की आवश्यकता नहीं कि आज पुलिस महकमे में काफी संख्या में ऐसे पुलिसकर्मी भरे पड़े हैं जो सुरक्षा के सजग प्रहरी हैं और अपनी ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा, वीरता, शौर्य एवं पराक्रम से विभाग का मस्तक ऊंचा किए हुए हैं। यदि यह कहा जाए कि इन्हीं सजग अधिकारियों व पुलिसकर्मियों के बल पर पुलिस महकमे का वजूद टिका है तो कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी।
दुख की बात यह है कि आज पुलिस महकमे में लगभग उसी पैमाने पर अब आचरणहीन और आपराधिक मानसिकता वाले लोग घुस आए हैं और पुलिस महकमे की अंतड़ी के कीड़े बनकर पूरे महकमे को अंदर ही अंदर खोखला कर रहे हैं। जब कोई सिपाही भरे बाजार अपनी वर्दी शर्मसार करता है तो भूल जाता है कि उसकी करतूत से पूरे पुलिस महकमे का सिर शर्म से झुक जाता है।
आश्चर्य यह है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी बाबा की इतनी सख्ती के बावजूद आए दिन वर्दी के धूल-धूसरित होने की खबरें मिलती रहती हैं। इसी क्रम में मिर्ज़ापुर में हाईवे पर अपनी वर्दी व महकमे की इज्जत नीलाम कर रहे तीन सिपाहियों को एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने निलंबित कर दिया है।
योगी बाबा से पहाड़ी के कातोपुर ( पैड़ापुर) निवासी वरिष्ठ समाजसेवी पवन कुमार तिवारी सहित रमाशंकर दुबे व तमाम प्रबुद्ध वर्गों ने ऐसे भ्रष्ट, लोभी व कदाचारीयों की कड़ी इलाज करने की मांग की है।