शिवशंकर पटेल ने किया व्यापक जनसंपर्क, स्नातक मतदाताओं से संवाद कर मांगा समर्थन स्नातकों के अधिकारों की लड़ाई को देंगे मजबूती : शिवशंकर पटेल
झांसी। इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी शिवशंकर पटेल ने गुरुवार को निर्धारित भ्रमण कार्यक्रम के तहत विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क किया। उन्होंने स्नातक मतदाताओं, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं पर संवाद किया तथा अपने पक्ष में समर्थन मांगा।
जनसंपर्क अभियान की शुरुआत बार से हुई। इसके बाद प्रत्याशी का काफिला बांसी, बिरधा, पाली और जाखलौन पहुंचा। प्रत्येक स्थान पर उन्होंने स्नातक मतदाताओं से संपर्क कर शिक्षा, रोजगार, कर्मचारियों की समस्याओं, पुरानी पेंशन व्यवस्था सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं को सदन में प्रभावी ढंग से उठाने की आवश्यकता है और निर्वाचित होने पर वह स्नातकों के अधिकारों एवं हितों की आवाज को मजबूती से उठाएंगे।
जनसंपर्क के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों एवं समर्थकों द्वारा शिवशंकर पटेल का स्वागत किया गया। समर्थकों ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत किया तथा कई स्थानों पर श्रीफल एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया। स्वागत के दौरान लोगों ने क्षेत्रीय समस्याओं से भी उन्हें अवगत कराया। प्रत्याशी ने समस्याओं को सुनते हुए उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करने का भरोसा दिलाया।
इसके बाद शिवशंकर पटेल ने ललितपुर एवं तालबेहट में भी जनसंपर्क किया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी केवल चुनाव तक सीमित नहीं होती, बल्कि निर्वाचित होने के बाद जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने स्नातक मतदाताओं से अपने अभियान और मुद्दों पर विचार करते हुए समर्थन देने की अपील की।
जनसंपर्क के अंतिम चरण में रात करीब 10 बजे झांसी पहुंचकर उन्होंने कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों से मुलाकात की। इस दौरान आगामी दिनों में होने वाले जनसंपर्क अभियान को लेकर चर्चा की गई तथा अधिक से अधिक स्नातक मतदाताओं तक पहुंचने की रणनीति पर विचार-विमर्श हुआ।
जनसंपर्क अभियान में आरके शुक्ला, रामू लोहिया, प्रमोद प्रजापति, राममनोहर मोदी, यशपाल सिंह, चंद्रभान सिंह, डॉ. अनिल कुर्मी, मुलायम सिंह, बृजेश श्रीवास्तव, डॉ. ललित पटेल और पंकज पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में समर्थक एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।