श्री श्री 1008 महाकाली उत्सव समिति की भव्य कलश यात्रा निकली, 19 अक्टूबर को होगा विशाल भंडारा नगर विधायक के सुपुत्र परन शर्मा रहे मौजूद, समिति पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं का किया स्वागत
झाँसी। श्री श्री 1008 महाकाली उत्सव समिति के तत्वावधान में रविवार को भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। धार्मिक उत्साह और भक्तिमय वातावरण के बीच निकाली गई कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। इस दौरान नगर विधायक रवि शर्मा के सुपुत्र परनतप शर्मा मौजूद रहे।
समिति अध्यक्ष धर्मेंद्र कुशवाहा एवं बुंदेलखंड फार्मेसी के अमित भार्गव ने बताया कि मां महाकाली के प्रति आस्था और श्रद्धा को समर्पित इस आयोजन का उद्देश्य धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाना तथा समाज में भक्ति और सद्भाव की भावना को मजबूत करना है। कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने मां के जयकारे लगाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
आयोजकों के अनुसार, कलश यात्रा बड़े पुल से प्रारंभ होकर पाल कॉलोनी क्रॉसिंग से होते हुए मां वैष्णवी चौराहा पर संपन्न हुई। समिति की ओर से यात्रा में शामिल सभी भक्तों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
इस आयोजन में समिति के राहुल कश्यप, सचिन कश्यप, सचिन तूफानी सहित अन्य लोगों का विशेष सहयोग रहा।
समिति अध्यक्ष धर्मेंद्र कुशवाहा एवं अमित भार्गव ने बताया कि आगामी 19 अक्टूबर को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने धर्मप्रेमी नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में शामिल होकर मां महाकाली का आशीर्वाद प्राप्त करने और भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने की अपील की।