शिक्षक निर्वाचन: डीएम व एसपी ने नौगढ़ व बर्डपुर मतदान केंद्रों का लिया जायजा गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन को सकुशल संपन्न कराने के लिए सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेटों को दिए कड़े निर्देश
सिद्धार्थनगर। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के दृष्टिगत प्रशासनिक अमला पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। इसी क्रम में 22 अक्टूबर को जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने संयुक्त रूप से तहसील नौगढ़ और विकास खंड बर्डपुर स्थित मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की बारीकी से पड़ताल की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान को सकुशल व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान प्रक्रिया में तैनात सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट तथा अन्य संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का पूरी सतर्कता से निर्वहन करने की हिदायत दी। डीएम ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा, प्रकाश, पेयजल, बैरिकेडिंग और मतदाताओं की सुगमता से जुड़ी मूलभूत सुविधाओं का जायजा लेते हुए समय से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए।
वहीं, पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस व सुरक्षा कर्मियों को सतर्क रहने, अराजक तत्वों पर कड़ी निगरानी बनाए रखने तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।