‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’ के लिए प्रशासन ने तेज की तैयारी, 17 को बनेगी विशाल ह्यूमन रंगोली
सहारनपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 अक्टूबर 2026 को होने वाले ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए जिला प्रशासन और नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जनपद, तहसील और विकासखंड स्तर पर आयोजन होंगे। मुख्य आयोजन डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम, सहारनपुर में होगा, जहां *‘विकसित भारत @ 2047’ के संकल्प के साथ विशाल ह्यूमन रंगोली प्रदर्शित की जाएगी। कार्यक्रम की थीम ‘रंगोली राष्ट्र एवं घर-घर से राष्ट्र तक’ रखी गई है। नगर निगम स्थित मां शाकुंभरी सभागार में नगर आयुक्त शिपू गिरि की अध्यक्षता में बैठक हुई। उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्र के लिए नोडल अधिकारी नामित कर दिए गए हैं और सभी विभागों को 3 दिन में कार्ययोजना देने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम की जिम्मेदारियां आयोजन स्थल पर साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, कारपेटिंग, मोबाइल शौचालय, साउंड सिस्टम, पेयजल, प्राकृतिक रंगों, फूलों, अनाज व मिट्टी की व्यवस्था की जाएगी। स्वदेशी उत्पादों के लिए खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग का सहयोग लिया जाएगा। भव्य रंगोली की ड्रोन व एरियल कैमरों से कवरेज होगी कार्यक्रम में पीएम आवास योजना, जन-धन, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत, उज्ज्वला, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, हर घर जल, अमृत योजना, स्मार्ट सिटी मिशन समेत 18 जनकल्याणकारी योजनाओं और नगर निगम की इलेक्ट्रिक बस, इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर जैसी पहलों को प्रदर्शित किया जाएगा। ह्यूमन रंगोली में आंगनबाड़ी कार्यकत्री, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, शिक्षक, एनसीसी कैडेट्स व स्कूली बच्चों की भागीदारी होगी। प्रत्येक श्रेणी से 100-100 प्रतिभागी शामिल होंगे। बच्चों की सुरक्षा व आवागमन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में अपर नगर आयुक्त मृत्युंजय, जेपी यादव, BSA कु. कोमल, DIOS सहित PWD, बाल विकास, स्वास्थ्य व अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।