स्नातक चुनाव में पूरी मेहनत से लग जाएं कार्यकर्ता: केशव मौर्य
प्रयागराज। मंगलवार को कौशांबी रवाना होने से पहले सिविल लाइन स्थित भाजपा कार्यालय में स्नातक चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करते हुए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कार्यकर्ता पूरी मेहनत से इलाहाबाद झांसी खंड स्नातक चुनाव के विजय अभियान में लग जाएं। पोलिंग बूथों पर सक्रियता बढ़ा दें। सबसे प्रमुख बिंदु मतदाताओं पर ध्यान केंद्रित करना है। मतदाता मतदान अवश्य करें इसकी सटीक रणनीति पार्टी पदाधिकारी बना लें। जनता भाजपा के साथ है। इससे पहले डिप्टी सीएम का पार्टी नेताओं ने माला पहनाकर स्वागत किया। एमएलसी अनूप गुप्ता, काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, जिला प्रभारी राकेश त्रिवेदी, महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, गंगापार अध्यक्ष निर्मला पासवान, यमुनापार अध्यक्ष राजेश शुक्ल, राज्यसभा सदस्य राधाकांत ओझा, डॉ वीके सिंह, विधायक दीपक पटेल, पीयूष रंजन निषाद, विवेक मिश्रा, पवन श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।