सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने जिला चिकित्सालय का किया औचक निरीक्षण
मुजफ्फरनगर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने शनिवार 10 अक्टूबर को स्वामी कल्याणदेव जिला चिकित्सालय (पुरुष) का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने इमरजेंसी, ओपीडी, पैथोलॉजी, ब्लड बैंक और विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। इमरजेंसी में वरिष्ठ ईएमओ डॉ. नवनीत बंसल और फार्मासिस्ट ड्यूटी पर मिले। ब्लड बैंक में डॉ. अनुपम सक्सेना, वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. योगेंद्र तिरखा, डॉ. शैलेश जैन, डॉ. अशोक कुमार, मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ. सोनिया सहगल और ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. ओवैस सिद्दीकी उपस्थित मिले। दंत विभाग में भी स्टाफ मौजूद मिला। सीएमओ ने वार्डों में भर्ती मरीजों से उपचार, भोजन, दवा और सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के बाद उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक मरीज को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण उपचार मिले, परिसर में साफ-सफाई रहे और सभी कर्मचारी समय पर ड्यूटी पर आएं। मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार पर जोर दिया।