साड के हमले से तालाब में गिरा युवक की हुई मौत
औरैया। बिधूना थाना क्षेत्र के ग्राम पुर्वा भदौरिया में बीती रात खेत पर फसल की रखवाली करने गए युवक पर एक आवारा सांड ने हमला बोल दिया, सांड से बचकर भागे युवक का संतुलन बिगड़ने पर वह गहरे तालाब में गिर गया जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के पुर्वा भदौरिया रुरुगंज निवासी लगभग 40 वर्षीय दीपू सिंह पुत्र पुष्पेंद्र सिंह बीती रात अपने खेतों पर फसल की रखवाली करने गए हुए थे तभी वहां पर मौजूद एक आवारा सांड ने उस पर हमला बोलते हुए उन्हें खदेड़ लिया जिससे बचकर भागे दीपू सिंह का संतुलन बिगड़ गया और वह एक गहरे तालाब में गिर गए जिससे पानी में डूब कर उनकी मौत हो गई। हालांकि लोगों द्वारा दीपू सिंह को तालाब से निकालकर आनन- फानन उपचार के लिए बिधूना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया लेकिन चिकित्सकों ने देखते ही उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना पर निरीक्षक अपराध अनिल त्रिपाठी पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंच गए और मृतक के शव का पंचनामा भरवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक अपने 6 भाइयों में सबसे छोटा था और उनके परिवार में पत्नी रंजना, 12 वर्षीय पुत्र देवा व 6 वर्षीय पुत्री जागृति है जिनका रो रो कर बुरा हाल हो रहा है।