सब्जी मंडी अग्निकांड पीड़ितों के साथ खड़ा बुंदेलखंड क्रांति दल, प्रत्येक दुकानदार को देगा दो हजार रुपये की राहत
झांसी । सीपरी बाजार स्थित सब्जी मंडी में बुधवार तड़के करीब 4:45 बजे दुकानों में आग लगाए जाने की घटना से दर्जनों दुकानदारों की दुकानें और उनमें रखा सामान जलकर नष्ट हो गया। आगजनी की इस घटना में दुकानदारों को लाखों रुपये का नुकसान होने की बात सामने आई है।
घटना की जानकारी मिलते ही बुंदेलखंड क्रांति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर सत्येन्द्र पाल सिंह मौके पर पहुंचे और आगजनी से प्रभावित दुकानदारों से मुलाकात कर उनकी स्थिति जानी। उन्होंने पीड़ित दुकानदारों को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
कुंवर सत्येन्द्र पाल सिंह ने दूरभाष के माध्यम से वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता कर घटना में शामिल आरोपियों तथा आग लगवाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित दुकानदारों के नुकसान का तत्काल आकलन कर उन्हें राहत राशि उपलब्ध कराने की भी मांग की।
उन्होंने कहा कि आगजनी की घटना से कई दुकानदारों की रोजी-रोटी प्रभावित हुई है। ऐसे कठिन समय में बुंदेलखंड क्रांति दल पीड़ित दुकानदारों के साथ खड़ा है। संगठन की ओर से प्रत्येक प्रभावित दुकानदार को दो हजार रुपये की राहत राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन को भी पीड़ित दुकानदारों की स्थिति को देखते हुए शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध करानी चाहिए, ताकि वे अपना कारोबार दोबारा शुरू कर सकें।
इस दौरान बुंदेलखंड क्रांति दल के राष्ट्रीय महासचिव मोहम्मद नईम मंसूरी, खेमचंद कुशवाहा, शमशुद्दीन राइन, जावेद राइन, जाकिर खान, अख्तर राइन सहित बड़ी संख्या में प्रभावित दुकानदार मौजूद रहे।