रामलीला स्थल की सुरक्षा व्यवस्था पर पुलिस की नजर, एसपी सिटी अमृत जैन ने किया निरीक्षण
मुजफ्फरनगर। जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार, 10 अक्टूबर 2026 को पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन ने थाना नई मंडी क्षेत्रांतर्गत रामलीला मंचन स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आयोजन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी अमृत जैन ने रामलीला में आने वाले श्रद्धालुओं, दर्शकों और आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोजन स्थल पर भीड़ को देखते हुए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा लोगों के आवागमन को सुचारु बनाए रखा जाए, जिससे किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। संदिग्ध गतिविधियों पर रहेगी पुलिस की नजर एसपी सिटी ने आयोजन स्थल और उसके आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की सतर्क निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी मुस्तैदी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि रामलीला आयोजन के दौरान सभी आवश्यक सुरक्षा प्रबंध समय से पूरे किए जाएं। साथ ही स्थानीय आयोजकों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखा जाए, ताकि श्रद्धालुओं और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। पुलिस अधिकारियों के साथ लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी नई मंडी राजू कुमार साव, थाना प्रभारी नई मंडी आनंद देव मिश्रा सहित पुलिस के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। पुलिस अधिकारियों ने आयोजन को सकुशल, शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।