पत्थरगड्डी उखाड़कर कब्जा करने वालों पर नजीर बनने वाली कार्रवाई हो: डीएम
झांसी । तहसील सदर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी गौरांग राठी ने अधिकारियों को जनशिकायतों के गुणवत्तापरक एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस और आईजीआरएस शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। लापरवाही मिलने पर अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।डीएम ने निर्देश दिए कि हदबंदी व पत्थरगड्डी के बाद दोबारा पत्थर उखाड़कर कब्जा करने वालों के प्रकरण राजस्व ग्रामवार सूचीबद्ध कर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाए। ग्राम समाज की भूमि पर कब्जा करने और आमजन को परेशान करने वालों को नियमानुसार भू-माफिया के रूप में चिन्हित करने की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।प्रदेश स्तर पर जनपद को आईजीआरएस में छठवीं रैंक मिलने पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने असंतुष्ट फीडबैक वाले मामलों में शिकायतकर्ता से संवाद कर शिकायत का सही निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।सम्पूर्ण समाधान दिवस से पूर्व डीएम ने आईसीडीएस की स्टाल का निरीक्षण किया और नवीन रेसिपी से तैयार हलुवा व नमकीन दलिया चखकर गुणवत्ता एवं स्वाद की जानकारी ली।इस दौरान एसपी ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार, सीएमओ डॉ. शिशिर पुरी, डीडीओ राजेश कुमार, क्षेत्राधिकारी पुलिस, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।