प्रयागराज में ब्लाइंड वॉक से दिया जागरूकता, समावेशिता और नेत्रदान का संदेश **
प्रयागराज, 9 अक्टूबर। विश्व दृष्टि दिवस के अवसर पर नाज़रेथ अस्पताल एवं दिव्य ज्योति निकेतन के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को प्रयागराज में ‘ब्लाइंड वॉक’ का आयोजन किया गया। सेंट जोसेफ कॉलेज से शाम चार बजे शुरू हुई इस पदयात्रा में लगभग 250 प्रतिभागियों ने आंखों पर पट्टी बांधकर हिस्सा लिया। दिव्य ज्योति निकेतन के दृष्टिबाधित बच्चों ने प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य दृष्टिबाधित व्यक्तियों की चुनौतियों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाना, समावेशी समाज का संदेश देना और नेत्रदान के प्रति जागरूकता फैलाना था। नाज़रेथ अस्पताल के प्रशासक फादर इसिडोर डिग्ना ने सामाजिक सहयोग और संवेदनशीलता के महत्व पर प्रकाश डाला। इलाहाबाद धर्मप्रांत के धर्माध्यक्ष बिशप लुईस मस्करेन्हास ने प्रतिभागियों के लिए प्रार्थना की और स्वयं आंखों पर पट्टी बांधकर पदयात्रा में भाग लिया।
पदयात्रा का समापन नाज़रेथ अस्पताल के स्कूल ऑफ नर्सिंग परिसर में नेत्रदान के संकल्प के साथ हुआ। चिकित्सकों, धर्मगुरुओं, नर्सिंग विद्यार्थियों, अस्पताल कर्मचारियों और शहर के नागरिकों की सहभागिता ने आयोजन को विशेष बनाया।
कार्यक्रम ने संदेश दिया कि दृष्टिबाधित व्यक्ति भी प्रतिभा, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता के साथ समाज में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। नेत्रदान के माध्यम से किसी के जीवन में नई रोशनी लाई जा सकती है