पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद पुलिसकर्मियों को एसएसपी ने दी श्रद्धांजलि
इटावा। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने कर्तव्यपालन के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शहीदों के अदम्य साहस, शौर्य, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद करते हुए उन्हें नमन किया।कार्यक्रम में शहीद पुलिसकर्मियों के सम्मान में सलामी एवं शोक प्रदर्शन किया गया। एसएसपी ने वीर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की शौर्यगाथाओं का स्मरण करते हुए उनके बलिदान को देश और समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश पुलिस के आधिकारिक एंथम ‘खाकी का सितारा’ का भी प्रस्तुतीकरण किया गया। यह गीत पुलिस बल के त्याग, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के प्रति समर्पण की भावना को दर्शाता है।
1959 के बलिदान की स्मृति में मनाया जाता है दिवस पुलिस स्मृति दिवस का ऐतिहासिक महत्व 21 अक्टूबर 1959 की घटना से जुड़ा है। लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 10 जवान शहीद हो गए थे। उन्हीं वीर जवानों की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। पुलिस ने शहीद पुलिसकर्मियों के सर्वोच्च बलिदान को सदैव स्मरणीय बताते हुए नागरिकों की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जनसेवा के प्रति पूर्ण निष्ठा से कार्य करने की प्रतिबद्धता दोहराई।इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीश चन्द्र, अपर पुलिस अधीक्षक नगर बबीता सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अपराध संतोष कुमार सिंह, समस्त क्षेत्राधिकारीगण तथा अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।