औरैया के युवक की दिल्ली में सड़क हादसे में मौत, गांव में कोहराम
औरैया। अजीतमल क्षेत्र के ग्राम पहलादपुर निवासी 24 वर्षीय अनुज कुमार की दिल्ली में सड़क हादसे में मौत हो गई। शुक्रवार शाम शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बताया गया कि अनुज कुमार दिल्ली में फिल्म शूटिंग में कैमरा मैन का काम करता था। करीब आठ दिन पहले शूटिंग के दौरान वह सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया था। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शुक्रवार शाम पार्थिव शरीर गांव पहुंचा तो चीख-पुकार मच गई। गमगीन माहौल में उसी दिन अंतिम संस्कार कर दिया गया। युवक की असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। मृतक विनोद कुमार का पुत्र था। परिवार को उम्मीद थी कि वह स्वस्थ होकर लौटेगा, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। ग्रामीणों ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया।