नवमी पर कालिका देवी मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, भक्तों ने चढ़ाए झंडा-घंटा
बकेवर इटावा। शारदीय नवरात्र की नवमी पर लखना नगर स्थित मां कालिका देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मां के दर्शन और पूजन के लिए भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर झंडा, घंटा और जवारे चढ़ाए तथा परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।दिनभर मंदिर परिसर में भक्तों की आवाजाही बनी रही। शनवरात्र के दौरान मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे। इस दौरान झंडा-घंटा चढ़ाने के साथ बच्चों के मुंडन संस्कार भी कराए गए। नवविवाहित जोड़ों ने मां के दरबार में माथा टेककर सुखी दांपत्य जीवन का आशीर्वाद मांगा। कई श्रद्धालु दंडवत होकर मां के दरबार पहुंचे और अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए अरदास लगाई।मान्यता के अनुसार, जिन श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूरी हुईं, वे हाथों में जलते दीपक लेकर घुटनों के बल मां के दरबार तक पहुंचे और पूजा-अर्चना की। मंदिर में दिनभर भक्तिमय माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के भी इंतजाम किए गए। बकेवर थाना प्रभारी विपिन मलिक तथा लखना चौकी प्रभारी राजपाल सिंह पुलिस बल व महिला आरक्षियों के साथ तैनात रहे।