नरायणी उफान पर: कुशीनगर के 5 गांवों में घुसा बाढ़ का पानी 600 परिवार तटबंध पर शिफ्ट डीएम ने किया निरीक्षण

कुशीनगर, 27 सितंबर। नेपाल में तीन दिन से हो रही बारिश और गंडक बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद नरायणी नदी का जलस्तर बढ़ गया है। नदी का पानी हरिहरपुर, मरचहवा, शिवपुर, महदेवा, सालिकपुर सहित आसपास के गांवों में घुस गया है। रविवार को जिलाधिकारी संजय चौहान ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर राहत-बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने छितौनी तटबंध और विरभार ठोकर का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था परखी। डीएम ने बताया कि रविवार सुबह 6:35 बजे नेपाल ने गंडक बैराज से लगभग 4 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा था, जो अब जनपद की सीमा के पास पहुंच रहा है। एक साथ अधिक वर्षा होने से निचले क्षेत्रों में जलभराव हुआ है। वर्तमान में 2 गांवों के करीब 1400 परिवार प्रभावित हैं। गांवों के संपर्क मार्ग पूरी तरह जलमग्न हैं। प्रशासन ने लगभग 600 परिवारों को बाढ़ चौकी के पास तटबंध पर शिफ्ट किया है। उनके लिए भोजन, रहने और स्वास्थ्य विभाग द्वारा हेल्थ कैंप की व्यवस्था की गई है। मौके पर पीएसी की फ्लड कंपनी और एसडीआरएफ की टीम तैनात है। डीएम ने तटबंधों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने और संवेदनशील स्थलों की लगातार निगरानी के निर्देश दिए हैं। साथ ही ग्रामीणों से नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास न जाने की अपील की है।
इस खबर को शेयर करें