नर्सिंग संवर्ग की मांगों को लेकर आंदोलन तेज, दो घंटे कार्य बहिष्कार 22 अक्टूबर को लखनऊ स्थित स्वास्थ्य भवन महानिदेशालय का घेराव करेंगे प्रदेशभर के नर्सिंग अधिकारी
झांसी। राजकीय नर्सेज संघ, उत्तर प्रदेश ने नर्सिंग संवर्ग की लंबित मांगों के समाधान को लेकर अपना आंदोलन तेज कर दिया है। शासन एवं संबंधित अधिकारियों की ओर से मांगों पर अपेक्षित सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने से नाराज नर्सिंग अधिकारियों ने चरणबद्ध आंदोलन के अगले चरण की घोषणा की है। इसके तहत 21 अक्टूबर से प्रतिदिन सुबह 8 बजे से 10 बजे तक दो घंटे का कार्य बहिष्कार किया जाएगा। वहीं, 22 अक्टूबर को सुबह 11 बजे लखनऊ स्थित महानिदेशालय स्वास्थ्य भवन का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
संघ के अनुसार, नर्सिंग संवर्ग की लंबित समस्याओं के समाधान, अधिकारों की रक्षा, कार्य के अनुरूप सम्मान और न्यायोचित मांगों को पूरा कराने के लिए लगातार आवाज उठाई जा रही है। इसी क्रम में 9 अक्टूबर से 20 अक्टूबर 2026 तक नर्सिंग अधिकारियों ने काली फीता बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बावजूद मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण संघ ने आंदोलन को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है।
संघ का कहना है कि नर्सिंग अधिकारी स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, लेकिन उनकी लंबित समस्याओं का समाधान नहीं होने से संवर्ग में असंतोष बढ़ रहा है। अपनी मांगों को लेकर नर्सिंग अधिकारी लंबे समय से शासन और संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। अब आंदोलन के अगले चरण में कार्य बहिष्कार के साथ लखनऊ में प्रदेशव्यापी प्रदर्शन किया जाएगा।
राजकीय नर्सेज संघ ने प्रदेशभर के नर्सिंग अधिकारियों से आंदोलन में एकजुट होकर सहभागिता करने की अपील की है। संघ का उद्देश्य लंबित मांगों का समाधान कराना और नर्सिंग अधिकारियों को उनका न्यायोचित अधिकार एवं सम्मान दिलाना है। संघ ने उम्मीद जताई कि शासन और संबंधित अधिकारी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेंगे, जिससे आंदोलन समाप्त करने की दिशा में सार्थक पहल हो सके।
हालांकि, संघ ने यह भी स्पष्ट किया है कि आंदोलन के दौरान मरीजों के हितों और अस्पतालों की आवश्यक सेवाओं को ध्यान में रखा जाएगा। आपातकालीन एवं अति आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावित नहीं होने देने का प्रयास किया जाएगा। अब सभी की निगाहें शासन की ओर से होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं। इस दौरान अध्यक्ष अनीता वर्मा, उपाध्यक्ष सुरेंद्र कुशवाहा, शशि मसीहा, नमिता जेमेस,कोषाध्यक्ष सुनीता एडवर्ड, अनीता बेरी, रूबीलादास, सुरेंद्र कुशवाहा,निशा सेमुअल आदि लोग मौजूद रहे.