नामांकन के बाद शिवशंकर पटेल समर्थकों ने कसी कमर
झांसी। इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एमएलसी प्रत्याशी शिवशंकर पटेल के नामांकन के बाद बुधवार को आतिया तालाब स्थित मानस पुष्प वाटिका में समर्थकों की बैठक हुई। बैठक में आगामी चुनाव को लेकर चर्चा करते हुए जनसंपर्क अभियान को तेज करने और अधिक से अधिक स्नातक मतदाताओं तक पहुंच बनाने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में मौजूद समर्थकों ने कहा कि नामांकन के साथ चुनावी प्रक्रिया में प्रत्याशी की औपचारिक शुरुआत हो चुकी है। अब प्रत्येक क्षेत्र और मतदाता तक पहुंच बनाना प्राथमिकता है। रोजगार, बेरोजगारी, शिक्षा, पुरानी पेंशन, संविदा एवं आउटसोर्सिंग व्यवस्था तथा शिक्षकों और कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को लेकर मतदाताओं के बीच संवाद करने पर जोर दिया गया।
शिवशंकर पटेल ने कहा कि चुनाव में उनका मुख्य उद्देश्य स्नातक युवाओं, शिक्षकों और कर्मचारियों की समस्याओं को प्रभावी तरीके से विधान परिषद तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार के अवसर, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, बेरोजगारी तथा कर्मचारियों की पुरानी पेंशन जैसे मुद्दे लगातार चर्चा में हैं। इन विषयों को सदन में मजबूती से उठाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने बुन्देलखण्ड के विकास से जुड़े सवालों को भी प्राथमिकता देने की बात कही। कहा कि क्षेत्र में रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ पलायन रोकने की दिशा में ठोस पहल की जरूरत है। बुन्देलखण्ड के हक और अलग राज्य के मुद्दे को भी वह प्रभावी ढंग से उठाएंगे।
बैठक में आगामी दिनों के लिए जनसंपर्क कार्यक्रमों को व्यवस्थित करने, स्नातक मतदाताओं से सीधे संवाद बढ़ाने तथा क्षेत्रवार संपर्क अभियान चलाने पर चर्चा हुई। समर्थकों ने चुनाव अभियान को मिलकर आगे बढ़ाने और प्रत्याशी के मुद्दों को मतदाताओं तक पहुंचाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर वीरेंद्र वर्मा,मनीष पटेल, रोहित सोनी,देवेंद्र पटेल, डॉ अनिल सोनी, इंजी अरविंद निरंजन, चंद्र प्रकाश कुशवाहा, अरविंद भार्गव, टिंकल भार्गव, राकेश कुशवाहा बड़ागांव सहित आदि उपस्थित रहें।