Uttar Pradesh
नगर में जल निगम द्वारा खोदे गए गड्ढों की कराएं मरम्मत, अन्यथा होगी कार्यवाही - जिलाधिकारी
मीरजापुर । जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बंधु की बैठक आहूत की गई।
बैठक में उद्यमियों के द्वारा बताया गया कि नगर के विभिन्न क्षेत्रों में जल निगम द्वारा पेयजल योजना कार्य के लिए खोदे गए गड्ढों के बाद सड़कों की मरम्मत नहीं कराई जा रही है जिससे आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जिलाधिकारी ने जल निगम अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जल निगम को जिन सड़कों की मरम्मत करनी थी उसे अविलम्ब मरम्मत कराते हुए जिस विभाग की सड़क हो उसे हैंडओवर कर दे, अन्यथा उनके विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी।सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के अन्तर्गत बैंकों को प्रेषित आवेदन पत्रों में अधिकांश आवेदनों को निरस्त किया जा रहा है जो अत्यंत ही आपत्तिजनक है।
उन्होंने कहा कि बिना स्पष्ट कारण प्रार्थना पत्रों को निरस्त न किया जाए तथा स्वीकृत आवेदन पत्रों के सापेक्ष ऋण वितरण ससमय किया जाए।
बैठक में निवेश मित्र योजना की भी प्रगति की समीक्षा की गई। नया औद्योगिक आस्थान निर्माण पर जमीन उपलब्धता व अधिग्रहण पर भी चर्चा की गई। बैठक में राजकीय चीनी पात्र विकास केन्द्र चुनार में बाउंड्रीवाल बनाने, औद्योगिक आस्थान चुनार की दीवार की भूमि पर अवैध कब्जे एवं निर्माण को रोकने, धौहा चुनार में निर्माणाधीन नवीन आस्थान पर चर्चा, चुनार पॉटरी के टनल भट्टी निर्माण कार्य में प्रगति लाने पर चर्चा, ओ0डी0ओ0पी0, सीएफसी निर्माण सहित उद्यमियों द्वारा उठाए गए विभिन्न बिन्दुओं पर चर्चा कर समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी राकेश कुमार, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह, कालीन उद्यमी अनिल सिंह, उद्यमी अमित कुमार सिंह, दुर्गा प्रसाद चौधरी, शत्रुघन केसरी, उपाध्यक्ष/नगर अध्यक्ष उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मण्डल आशीष सिंह, एस0के0 पाण्डेय, अभिषेक कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी राम उदय यादव, जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी अमितेश सिंह, सहायक अभियंता जल निगम व उद्योग विभाग के सभी अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपायुक्त उद्योग संदीप कुमार द्वारा जिला स्तरीय उद्योग बंधु समिति के समक्ष पिछली बैठक की कार्यवृत्त व वर्तमान बैठक का एजेण्डा बिन्दुवार समिति के समक्ष रखा गया।