"न रुकेंगे न झुकेंगे, विकसित भारत के संकल्प को साकार करेंगे" : केशव मौर्य प्रधानमंत्री के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर प्रयागराज में निकली ‘सेवा ज्योति यात्रा’
प्रयागराज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसेवा यात्रा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बुधवार को प्रयागराज में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ के तहत ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया। धरना स्थल से शुरू हुई यह यात्रा सुभाष चौराहे पर जाकर संपन्न हुई। यात्रा का शुभारंभ उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ज्योति प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का वर्चुअल उद्घाटन और संबोधन सुना।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष स्वतंत्र भारत के इतिहास का एक स्वर्णिम और युगांतकारी अध्याय है। एक सच्चे तपस्वी की तरह उन्होंने राजनीति को सेवा का माध्यम बनाया है। उन्होंने कहा कि सुदूर गांवों से लेकर वैश्विक मंचों तक, गरीबों के कल्याण से लेकर अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने वाले उनके प्रत्येक निर्णय ने देश को निराशा के अंधकार से निकालकर अटूट आत्मविश्वास से भरा है। शोषित, वंचित, गरीब और युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए उन्होंने ‘हम कुछ भी कर सकते हैं’ का विश्वास जगाया है।
डिप्टी सीएम ने कहा कि हमें गर्व है कि हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2047 तक विकसित भारत का संकल्प लेकर काम कर रहे हैं। डबल इंजन सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका सम्मान के सिद्धांत पर चल रही है। भाजपा संगठन के लिए राष्ट्र प्रथम की भावना सर्वोपरि है।
यात्रा के संयोजक मंजीत कुशवाहा रहे
इस अवसर पर महानगर प्रभारी राकेश त्रिवेदी, महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, यमुनापार अध्यक्ष राजेश शुक्ल, गंगापार अध्यक्ष निर्मला पासवान, सांसद प्रवीण पटेल, विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह, गुरु प्रसाद मौर्य, दीपक पटेल, राजमणि कोल, एमएलसी सुरेंद्र चौधरी, प्रदेश प्रवक्ता आशीष गुप्ता, डॉ. शैलेश पांडे, विजय श्रीवास्तव, अनुज कुशवाहा, आनंद सोनकर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।