मतदाता सूची पुनरीक्षण: राजनीतिक दलों के साथ बैठक, छूटे मतदाताओं के नाम जोड़ने पर जोर
मुजफ्फरनगर। विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 को लेकर शनिवार 10 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट के जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के साथ बैठक हुई।
डीएम ने बताया कि आयोग के निर्देश पर बीएलओ द्वारा 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची की तुलना 7 जनवरी 2025 की सूची और उसकी पूरक सूचियों से की जाएगी। जिन मतदाताओं के नाम पहले थे लेकिन अब नहीं हैं, उन्हें चिह्नित किया जाएगा चिह्नित मतदाताओं का बीएलओ घर-घर जाकर भौतिक सत्यापन करेंगे। छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने के लिए फार्म-6 भरवाया जाएगा। प्रत्येक बीएलओ को सप्ताह में 20 से 25 मतदाताओं से संपर्क का लक्ष्य दिया गया है। यह कार्य एक माह में पूरा किया जाएगा। बीएलओ द्वारा तैयार सूची मान्यता प्राप्त दलों के बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) के साथ साझा की जाएगी। भौतिक सत्यापन रिपोर्ट और फार्म-6 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को दिए जाएंगे। बूथ स्तर पर विशेष शिविर लगेंगे। रैन बसेरों, श्रमिक कॉलोनियों और वंचित वर्गों तक पहुंचने के लिए विशेष कैंप आयोजित होंगे। पहली बार मतदाता बने युवाओं के नाम जोड़ने पर विशेष जोर रहेगा। शिक्षण संस्थानों और स्वीप गतिविधियों के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में सीडीओ, एडीएम प्रशासन, एडीएम वित्त एवं राजस्व, नगर मजिस्ट्रेट, सभी एसडीएम और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।