Uttar Pradesh
मिशन शक्ति केंद्रों की कार्यप्रणाली की एसपी ने की समीक्षा, दिए आवश्यक निर्देश
मीरजापुर (अमरेश चंद्र पाण्डेय/अभय त्रिपाठी)। शनिवार को पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने पुलिस लाइन मीरजापुर स्थित मां विंध्यवासिनी सभागार कक्ष में जनपद के सभी थानों के मिशन शक्ति केंद्र प्रभारियों एवं संबंधित पुलिसकर्मियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने मिशन शक्ति केंद्रों पर किए जा रहे कार्यों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मिशन शक्ति केंद्र पर अपनी समस्या लेकर आने वाली पीड़िताओं के साथ पुलिसकर्मी सहानुभूतिपूर्वक एवं सम्मानजनक व्यवहार करें। उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए नियमानुसार त्वरित समाधान का प्रयास किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से पीड़िताओं को चिकित्सीय सहायता, विधिक सहायता, क्षतिपूर्ति तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में उचित सलाह एवं मार्गदर्शन देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति केंद्र महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, सहायता और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसलिए केंद्रों पर आने वाली प्रत्येक पीड़िता को आवश्यक सहयोग एवं सुविधाएं उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए। बैठक में मौजूद पुलिसकर्मियों को अपने दायित्वों का संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।