मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 412 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में
सिद्धार्थनगर: जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में बुधवार को आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में 412 जोड़े दांपत्य सूत्र में बंध गए। कार्यक्रम में सर्वधर्म सद्भाव का अनूठा दृश्य देखने को मिला, जहां वैदिक रीति से 303 हिंदू जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ, मौलाना द्वारा 45 मुस्लिम जोड़ों का निकाह पढ़ाया गया और 64 बौद्ध जोड़ों ने अपनी धार्मिक परंपरा के अनुसार गृहस्थ जीवन में प्रवेश किया। समारोह का शुभारंभ सांसद जगदंबिका पाल, विधायक जय प्रताप सिंह, विधायक श्यामधनी राही, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य, पूर्व मंत्री डॉ. सतीश द्विवेदी, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन, एसपी डॉ. अभिषेक महाजन और सीडीओ बलराम सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। सांसद जगदंबिका पाल ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि यह योजना गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए बड़ा संबल साबित हुई है। साथ ही नवदंपतियों को रोजगार व प्लेसमेंट से जोड़ने का प्रयास भी किया जा रहा है। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने बताया कि योजना के अंतर्गत प्रत्येक वधू के बैंक खाते में डीबीटी के जरिए 64 हजार रुपये भेजे गए हैं। इसके अलावा 21 हजार रुपये मूल्य की गृहस्थी सामग्री (उपहार) और बारात सत्कार पर 15 हजार रुपये व्यय किए गए हैं। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।