Uttar Pradesh
मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ, किसानों को बांटे ऋण चेक
मीरजापुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ से मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना और भारत टैक्सी सेवा का शुभारंभ किया। इसका सजीव प्रसारण जिला सहकारी बैंक सभागार में आयोजित जनपदीय कार्यक्रम में किया गया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत पांच लाभार्थियों और सीएम युवा रोजगार योजना के पांच लाभार्थियों को ऋण के चेक वितरित किए। अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत लघु एवं सीमांत किसानों को 6 लाख रुपये तक का दीर्घकालीन ऋण 6 प्रतिशत प्रभावी ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जाएगा। समय से किस्त जमा करने वाले पात्र किसानों को राज्य सरकार की ओर से ब्याज अनुदान का लाभ मिलेगा।
प्रदेश सरकार ने योजना के लिए 384 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं और अगले पांच वर्षों में करीब 5 लाख किसानों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है।
इसी अवसर पर भारत टैक्सी सेवा का भी शुभारंभ किया गया। यह सहकारी व्यवस्था पर आधारित डिजिटल राइड-हेलिंग सेवा है, जिसका उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित व किफायती परिवहन उपलब्ध कराने के साथ चालकों को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर देना है।
कार्यक्रम का शुभारम्भ विधायक नगर रत्नाकर मिश्र, विधायक मझवां सुचिस्मिता मौर्या, चेयरमैन सहकारिता डा0 जगदीश सिंह पटेल, सभापति, जिला सहकारी बैंक लि0, मिर्जापुर, विपुल सिंह उपसभापति जिला सहकारी बैंक लि0 मिर्जापुर, प्रमोद कुमार सिंह अध्यक्ष एल0डी0बी0 मीरजापुर, शिवपूजन सिंह अध्यक्ष एल0डी0बी0 लालगंज, अशोक कुमार अध्यक्ष एल0डी0बी0 चुनार मीरजापुर, हरिशंकर सिंह, सियाराम बिन्द संचालक पालक जिला सहकारी बैंक लि0 मिर्जापुर, योगेन्द्र पाल सिंह संयुक्त आयुक्त एवं संयुक्त निबन्धक सहकारिता विन्ध्याचल मण्डल मीरजापुर, अमित कुमार पाण्डेय सहायक आयुक्त एवं सहायक निबन्धक सहकारिता द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।