महाकाली मंदिर में जगद्गुरु शंकराचार्य का भव्य स्वागत दर्शन के लिए उमड़े श्रद्धालु, जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर
झांसी। लक्ष्मी गेट बाहर स्थित सिद्धपीठ महाकाली मंदिर में ज्योतिर्मठ अवान्तर भानपुरा पीठ, मंदसौर (मध्य प्रदेश) के जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी ज्ञानानंद तीर्थ महाराज का आगमन हुआ। असम की यात्रा पर जाते समय शंकराचार्य जी महाकाली विद्यापीठ मंदिर पहुंचे, जहां मंदिर के प्रधान पुजारी अजय त्रिवेदी सहित श्रद्धालुओं एवं मंदिर से जुड़े भक्तों ने उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।
जगद्गुरु शंकराचार्य के मंदिर पहुंचते ही श्रद्धालुओं में उत्साह का वातावरण बन गया। मंदिर परिसर में भक्तों ने जयकारों के साथ उनका स्वागत किया और उनके दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने धार्मिक आस्था एवं श्रद्धा के साथ शंकराचार्य जी का अभिनंदन किया।
शंकराचार्य स्वामी ज्ञानानंद तीर्थ महाराज ने मंदिर में मां महाकाली के दर्शन एवं पूजन किया। उनके आगमन के अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक वातावरण देखने को मिला। श्रद्धालु काफी देर तक मंदिर परिसर में मौजूद रहे और शंकराचार्य जी के दर्शन का लाभ लिया।
मंदिर के प्रधान पुजारी अजय त्रिवेदी ने शंकराचार्य जी का स्वागत करते हुए उनका अभिनंदन किया। उन्होंने मंदिर की धार्मिक परंपराओं एवं गतिविधियों से भी अवगत कराया। शंकराचार्य जी के आगमन से महाकाली मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह नजर आया।