मांगों को लेकर आशा बहुओं का अनिश्चितकालीन धरना, सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भरी हुंकार सरकारी कर्मचारी का दर्जा, मानदेय बढ़ाने समेत कई मांगों को लेकर सीएचसी परिसर में प्रदर्शन
संग्रामगढ़। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में आशा बहू एवं संगिनी कार्यकर्ताओं का अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन जारी है। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आशा कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए कहा कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। बताया गया कि प्रदेशभर में आशा कार्यकर्ताओं की ओर से मांगों को लेकर हड़ताल की जा रही है।धरने पर बैठी आशा कार्यकर्ताओं ने मांग की कि उन्हें राज्य कर्मचारी का दर्जा दिया जाए। साथ ही मानदेय में बढ़ोतरी कर ₹21 हजार प्रतिमाह किया जाए। प्रत्येक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर आशा गृह की व्यवस्था, ₹5 लाख का बीमा, सेवानिवृत्ति पर ₹10 लाख की एकमुश्त राशि एवं पेंशन देने की मांग भी उठाई गई।इसके अलावा कार्यकर्ताओं ने ईपीएफ एवं ईएसआई का लाभ देने, लंबे समय से लंबित प्रोत्साहन राशि का तत्काल भुगतान करने तथा कार्य के लिए 5जी मोबाइल और इंटरनेट सिम उपलब्ध कराने की मांग की। आशा कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं और सेवाओं को लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, लेकिन इसके बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है।धरने में ब्लॉक अध्यक्ष किरण गौतम, महामंत्री ममता पांडेय, कोषाध्यक्ष श्वेता श्रीवास्तव, संरक्षक कृष्णा मिश्रा, सुमन शुक्ला, रीता पाल, ज्ञानमती, वंदना, मंजू, सोनू वर्मा, धर्मावती, नीलम, किरण, शोभा, शकुंतला, सविता, साधना दुबे, पुष्प शुक्ला, संजू, रंजन और खुशबू समेत बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता मौजूद रहीं। आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि मांगें पूरी होने तक सीएचसी परिसर में उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।