लगन सीजन में जाम से राहत के लिए बारातों के समय निर्धारण पर जोर
प्रयागराज। शुक्रवार को आगामी लगन सीजन में शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और जाम से राहत दिलाने के उद्देश्य से पुलिस लाइंस स्थित त्रिवेणी सभागार में पुलिस-यातायात विभाग की एक अहम बैठक आयोजित हुई। बैठक में यातायात पुलिस ने इलाहाबाद गेस्ट हाउस एसोसिएशन, टेंट डेकोरेटर्स एवं कैटरर्स एसोसिएशन सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों के साथ मंथन किया। बैठक में चर्चा हुई कि लगन के दौरान रात्रि 8:30 से 10:30 बजे तक सड़कों पर वाहनों का दबाव काफी बढ़ जाता है। रात 10 बजे के बाद नो-एंट्री खुलने पर भारी वाहनों के आवागमन और वैवाहिक आयोजनों के कारण प्रमुख मार्गों पर जाम की आशंका रहती है। रिंग रोड की वैकल्पिक सुविधा न होने से भी शहर के अंदर दबाव बढ़ता है। इलाहाबाद गेस्ट हाउस एसोसिएशन के अध्यक्ष गुफरान अहमद ने कहा कि बारात के अनियोजित समय, अनियमित पार्किंग और यातायात नियमों के उल्लंघन से आम नागरिकों को परेशानी होती है। उन्होंने विभागों और आयोजकों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया। बैठक में सुझाव दिया गया कि बारात के समय, मार्गों, पार्किंग और वैवाहिक स्थलों के बाहर प्रबंधन को लेकर एक स्पष्ट नियमावली तैयार की जाए और संचालकों को जागरूक किया जाए। यातायात पुलिस अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि लगन सीजन के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाएगी, ताकि वैवाहिक आयोजनों के साथ-साथ आम नागरिकों का आवागमन भी सुचारू बना रहे।
बैठक में गुफरान अहमद, विद्यासागर केशरी, अतिन गुप्ता, शाहिद कमाल, आकाश जायसवाल, विपिन अग्रवाल, टेंट डेकोरेटर्स एसोसिएशन अध्यक्ष राम जी जायसवाल, कैटरर्स एसोसिएशन अध्यक्ष प्रियांक अग्रवाल सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।