खेत में पड़ा मिला युवक का शव, मौत की वजह स्पष्ट नहीं पोस्टमार्टम के बाद पुलिस की मौजूदगी में हुआ अंतिम संस्कार, रिपोर्ट का इंतजार
औरैया। अछल्दा थाना क्षेत्र के सलेमपुर मड़ैया गांव में एक 30 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। खेत पर युवक का शव मिलने से परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया।
गांव निवासी धर्मेंद्र उर्फ सीपु (30) पुत्र जयराम खेत पर था। जब उसके पिता खेत पर पहुंचे तो धर्मेंद्र मृत अवस्था में पड़ा मिला। यह देखकर उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई। सूचना पर थानाध्यक्ष जीतमल और उपनिरीक्षक अरविंद गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। मृतक शादीशुदा था और उसकी पांच वर्षीय बेटी अनाया है। थानाध्यक्ष जीतमल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।