कौंधियारा ब्लाक में स्वच्छता अभियान की खुली पोल, शौचालय बना गंदगी का अड्डा
,कौंधियारा। एक तरफ सरकार स्वच्छ भारत मिशन के तहत करोड़ों रुपये खर्च कर शौचालयों के निर्माण का दावा कर रही है, वहीं दूसरी तरफ जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। कौंधियारा ब्लाक परिसर में बने सार्वजनिक शौचालय की हालत बेहद दयनीय है। शौचालय के अंदर गंदगी का अंबार लगा है, फर्श पर काई और गंदा पानी जमा है। यूरिनल और टॉयलेट सीट पर धूल-मिट्टी जमी है और टाइलें भी बुरी तरह से गंदी हो चुकी हैं। दुर्गंध के कारण वहां खड़ा होना भी मुश्किल है।शिकायतकर्ता कमलेन्दु का कहना है कि ब्लाक में रोजाना सैकड़ों लोगों का आना-जाना लगा रहता है, जिसमें महिलाएं भी शामिल हैं। लेकिन शौचालय की साफ-सफाई की तरफ ब्लाक प्रशासन का कोई ध्यान नहीं है। न तो नियमित सफाई होती है और न ही पानी की उचित व्यवस्था है। दरवाजे जंग खा चुके हैं और रखरखाव पूरी तरह से ठप पड़ा है। इससे साफ जाहिर होता है कि स्वच्छता को लेकर जिम्मेदार अधिकारी सिर्फ कागजों में ही खानापूर्ति कर रहे हैं। ब्लाक जैसे महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालय का यह हाल है तो गांवों के शौचालयों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर तत्काल साफ-सफाई और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।