कुशीनगर पुलिस लाइन में ग्राम प्रहरी सभा का आयोजन, CM ने बढ़ाया मानदेय
कुशीनगर। रिजर्व पुलिस लाइन, रवीन्द्रनगर धूस में सोमवार को उत्तर प्रदेश ग्राम प्रहरी सभा का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद भर के ग्राम प्रहरी (चौकीदार) मौजूद रहे।
सभा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए लाइव सुना गया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर बड़ी घोषणा करते हुए ग्राम चौकीदारों का मानदेय 1000 रुपये बढ़ाने का ऐलान किया। इसके साथ ही ग्राम प्रहरियों और उनके परिवार के सदस्यों के लिए 5 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने की भी घोषणा की।
कार्यक्रम में सांसद कुशीनगर विजय कुमार दुबे, जिलाधिकारी संजय चौहान, सदर विधायक मनीष जायसवाल, तमकुहीराज विधायक डॉ. असीम राय, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा, सीओ लाइन जयंत यादव, प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।