जसवंतनगर में अलग-अलग सड़क हादसों में 6 घायल, 2 सैफई रेफर
जसवंतनगर (इटावा)। थाना क्षेत्र में मंगलवार रात अलग-अलग जगह हुए सड़क हादसों में छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दो की हालत चिंताजनक देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें सैफई पीजीआई रेफर कर दिया।
पहली घटना: हाईवे पर ग्राम जमुनाबाग के पास नगला महाजीत धनुआ निवासी सनोज कुमार पुत्र सूरज सिंह बाइक से जसवंतनगर जा रहे थे। अचानक सामने आए आवारा गोवंश से टकराकर वह सड़क पर गिरकर घायल हो गए। एंबुलेंस ईएमटी आदित्य यादव और पायलट विजयवीर यादव ने उन्हें सीएचसी पहुंचाया, जहां से सैफई रेफर किया गया।
दूसरी घटना: हाईवे पर ग्राम भावलपुर के सामने खेड़ा बुजुर्ग निवासी कैलाश बाबू (42) पुत्र सूबेदार सिंह साइकिल से गांव लौट रहे थे। पीछे से आ रही बाइक ने टक्कर मार दी। बाइक पर एत्मादपुर आगरा निवासी अमन पुत्र संजय कुमार और सिरसागंज निवासी सनी पुत्र श्रीकिशन सवार थे। तीनों घायल हो गए। बताया गया कि सभी जसवंतनगर में रामलीला देखकर लौट रहे थे। थानाध्यक्ष कमल भाटी ने मौके पर पहुंचकर घायलों को सीएचसी भिजवाया।
अन्य हादसे: हाईवे पर सेंट पीटर्स स्कूल के सामने मलाजनी निवासी ऋतिक पुत्र सुरेंद्र अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर घायल हो गया, जिसे सैफई रेफर किया गया। वहीं सैफई रोड पर नगला नरिया मोड़ पर अज्ञात वाहन की टक्कर से साइकिल सवार बुजुर्ग मोतीलाल पुत्र रामस्वरूप (70) घायल हो गए, जिन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया है।