हर बच्चे को निपुण बनाने के लिए बनेगी विशेष कार्ययोजना
कौशाम्बी। परिषदीय विद्यालयों में बुनियादी शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को शत-प्रतिशत हासिल करने के लिए शुक्रवार को डायट मंझनपुर में मासिक समीक्षा बैठक हुई। डायट प्राचार्य निधि शुक्ला की अध्यक्षता में हुई बैठक में विद्यालयों के शैक्षणिक प्रदर्शन, बच्चों के अधिगम स्तर और शिक्षण गतिविधियों की समीक्षा की गई। हर बच्चे को निपुण बनाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। बैठक में निपुण भारत मिशन मॉनिटरिंग सेंटर के आंकड़ों के आधार पर शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा हुई। शिक्षक संकुलों को नियमित अनुश्रवण करने और शिक्षक संदर्शिका व साप्ताहिक कार्ययोजना के अनुरूप शिक्षण सुनिश्चित करने को कहा गया। एसआरजी डॉ. दिलीप कुमार तिवारी ने सहयोगात्मक पर्यवेक्षण के दौरान शिक्षकों को नियमित फीडबैक देने पर जोर दिया, वहीं वरिष्ठ प्रवक्ता अनूप कुमार ने नवाचार आधारित शिक्षण और TLM के प्रभावी उपयोग के निर्देश दिए। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. कमलेंद्र कुमार कुशवाहा ने कहा कि बेहतर कार्य करने वाले शिक्षकों के नवाचारों का दस्तावेजीकरण और वीडियो तैयार कर साझा किया जाए। उन्होंने शिक्षकों को राज्य, राष्ट्रीय और राष्ट्रपति पुरस्कारों में भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
बैठक में नवोदय प्रवेश परीक्षा, NMMS सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने और अभिभावकों की सहभागिता पर भी चर्चा हुई।
इस अवसर पर समस्त खंड शिक्षा अधिकारी, डायट मेंटर डॉ. देवेंद्र सिंह यादव, राजेंद्र कुमार भारतीय, डॉ. देवेंद्र कुमार मिश्र सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।