गुड टच-बैड टच के जरिए विद्यार्थियों को सिखाए आत्मरक्षा के गुर
झांसी। उत्तर प्रदेश शासन के मिशन शक्ति अभियान फेस-5.0 के तहत सामाजिक संस्था नव-प्रभात "कृति" द्वारा लिटिल एंजल मॉडर्न पब्लिक स्कूल में आत्मरक्षा एवं स्वसुरक्षा जनजागृति कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में विद्यार्थियों को गुड टच-बैड टच की पहचान, व्यक्तिगत सुरक्षा और आपात स्थिति में सावधानी बरतने के संबंध में जागरूक किया गया।
मुख्य अतिथि विद्यालय की प्रधानाचार्य नीलम साहू रहीं, जबकि अध्यक्षता संस्था की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूपम अग्रवाल ने की। रूपम अग्रवाल ने खिलौना गुड़िया के माध्यम से विद्यार्थियों को सामान्य जीवन में अच्छे और गलत स्पर्श की पहचान करने तथा किसी भी असहज स्थिति में तुरंत विश्वसनीय व्यक्ति को जानकारी देने के बारे में समझाया। विद्यार्थियों ने अपनी जिज्ञासाओं से जुड़े सवाल पूछे, जिनका सरल भाषा में समाधान किया गया।
अनुशासन प्रभारी सौरभ अवस्थी ने विद्यार्थियों को घर से स्कूल आने-जाने के दौरान सतर्क रहने तथा किसी आपात स्थिति में पुलिस हेल्पलाइन 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और महिला हेल्पलाइन 181 की जानकारी दी। समूह सखी रंजना तिवारी ने अनजान लोगों से खाने-पीने की वस्तुएं न लेने और बिना बताए किसी अपरिचित के साथ कहीं न जाने की सलाह दी। साथ ही गलत व्यवहार होने पर माता-पिता, भाई-बहन या शिक्षक को बिना झिझक बताने के लिए प्रेरित किया।
कार्यशाला में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी सुरक्षा स्वयं करने का संकल्प लिया। समापन पर विद्यालय प्रबंधन ने संस्था के सदस्यों को उनके जागरूकता प्रयासों के लिए गेस्ट ऑफ ऑनर से सम्मानित किया। कार्यक्रम में रूपम अग्रवाल, प्रिया अवस्थी, रंजना तिवारी सहित विद्यालय के शिक्षक एवं स्टाफ मौजूद रहे। संचालन सौरभ अवस्थी ने किया।