डॉ. वैभव गुप्ता बने चुनाव संयोजक, सात जिलों में चलाएंगे अभियान इलाहाबाद-झाँसी खंड स्नातक निर्वाचन में भाजपा प्रत्याशी अशोक राठौर के समर्थन में जनसंपर्क की जिम्मेदारी सौंपी
झाँसी। बुंदेलखंड स्ववित्तपोषित महाविद्यालय प्रबंधक संगठन की पत्रकार वार्ता में राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त महाविद्यालय के प्रबंधक डॉ. वैभव गुप्ता को इलाहाबाद-झाँसी खंड स्नातक विधान परिषद निर्वाचन के लिए सर्वसम्मति से चुनाव संयोजक नियुक्त किए जाने की जानकारी दी गई। उन्हें भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी अशोक कुमार राठौर के समर्थन में बुंदेलखंड के सातों जिलों में जनसंपर्क, समन्वय और प्रचार अभियान की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पत्रकार वार्ता में भाजपा झाँसी महानगर अध्यक्ष सुधीर सिंह ने महाविद्यालय प्रबंधकों और पंजीकृत स्नातक मतदाताओं से अशोक कुमार राठौर के पक्ष में प्रथम वरीयता का मत देने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाताओं से संपर्क कर उन्हें मतदान के प्रति जागरूक करने और अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे।
नवनियुक्त चुनाव संयोजक डॉ. वैभव गुप्ता ने संगठन के पदाधिकारियों का आभार जताते हुए कहा कि सभी सात जिलों के प्रभारियों, सहसंयोजकों और महाविद्यालय प्रबंधकों के सहयोग से अभियान संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्नातकों, शिक्षकों और शिक्षण संस्थानों से जुड़ी समस्याओं को उचित मंच पर उठाने के लिए समन्वित प्रयास किए जाएंगे।
संगठन के अध्यक्ष एवं मऊरानीपुर स्थित श्याम राघवेंद्र महाविद्यालय के प्रबंधक अजय सिंह परिहार ने डॉ. गुप्ता को बधाई देते हुए संगठन की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा के विस्तार और महाविद्यालयों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी प्रयास आवश्यक हैं।
पत्रकार वार्ता में संगठन की एकजुटता और सातों जिलों में अभियान के संचालन को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान डॉ. एस.के. साहू, विवेक चतुर्वेदी, कृपा शंकर द्विवेदी, सूर्य कुमार त्रिपाठी, सुनीता श्रवण कुमार द्विवेदी, डॉ. प्रमोद शिवहरे, प्रवीण चौधरी, डॉ. अरुण सोनी, बॉबी सिंह और डॉ. सुशील पटेल सहित विभिन्न पदाधिकारी एवं महाविद्यालयों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार ज्ञापन डॉ. एस.के. साहू ने किया।