डॉ. आर्या गुप्ता को समाजशास्त्र में मिली पीएचडी की उपाधि
झाँसी। उप निदेशक महिला कल्याण श्रवण कुमार गुप्ता की धर्मपत्नी आर्या गुप्ता को दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय, गोरखपुर द्वारा समाजशास्त्र विषय में विद्यावाचस्पति (पीएचडी) की उपाधि प्रदान की गई है। उनकी इस उपलब्धि से परिवारजनों और शुभचिंतकों में हर्ष का माहौल है।
डॉ. आर्या गुप्ता ने “झाँसी जनपद के संदर्भ में लैंगिक असमानता के विविध आयामों का एक समाजशास्त्रीय अध्ययन” विषय पर अपना शोध कार्य पूर्ण किया। उन्होंने यह शोध कार्य कनिष्ठ एवं वरिष्ठ शोधवृत्ति के अंतर्गत दिग्विजयनाथ स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गोरखपुर के समाजशास्त्र विभाग की विभागाध्यक्ष प्रोफेसर अर्चना सिंह के निर्देशन में पूरा किया।
उनके शोध में झाँसी जनपद के संदर्भ में लैंगिक असमानता के विभिन्न आयामों का समाजशास्त्रीय विश्लेषण किया गया है। इसमें सामाजिक संरचना, लैंगिक भेदभाव तथा समानता से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं का अध्ययन किया गया है। उनका यह शोध सामाजिक असमानताओं को समझने और लैंगिक समानता के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण अकादमिक योगदान है।
डॉ. आर्या गुप्ता की इस उपलब्धि को उनकी मेहनत, लगन और शोध के प्रति समर्पण का परिणाम माना जा रहा है। उनकी पीएचडी की उपाधि प्राप्त होने पर परिवारजनों, मित्रों और शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।