चार पहिया वाहन की टक्कर से बाइक सवार घायल, हालत गंभीर
मऊआइमा, प्रयागराज। मऊआइमा थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर खास स्थित यादव बुक स्टॉल के सामने शनिवार को नेशनल हाईवे पर सामने से आ रही तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। बाइक सवार विपुल पुत्र दयाराम निवासी डालापट्टी थाना उदयपुर जनपद प्रतापगढ़ बताया जा रहा है।हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना मऊआइमा थाने से महज 200 मीटर की दूरी पर होने के कारण स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मावा ले जाया गया। वाहन चालक अपनी चार पहिया लेकर फरार हो गया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर लोगों की भीड़ जुटने से यातायात भी प्रभावित हुआ।घटना ने हाईवे पर वाहनों की तेज रफ्तार और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुल्तानपुर खास में हाईवे पर लगातार वाहनों की आवाजाही रहती है और थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। लोगों ने पुलिस से हाईवे पर वाहनों की गति नियंत्रित कराने तथा दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दुर्घटना का सबसे बड़ा कारण यह भी है कि डग्गामार वाहनों का आड़े तिरछे सड़क पर खड़े रहना बताया जा रहा है।