चोरी की पल्सर बाइक के साथ दो शातिर अभियुक्त गिरफ्तार
सिद्धार्थनगर: जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत चिल्हियां थाना पुलिस और जनपदीय एण्टीथेफ्ट टीम की संयुक्त कार्रवाई में चोरी की एक पल्सर बाइक सहित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के आदेश, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी के पर्यवेक्षण में अपराध नियंत्रण के मद्देनजर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में चिल्हियां थानाध्यक्ष व चौकी प्रभारी पल्टादेवी मय हमराह तथा एण्टीथेफ्ट टीम के साथ मंगलवार की रात गश्त पर थे।
टीम जब सूर्यकुड़िया पुलिया के पास संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी, तभी बाइक सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखे। पुलिस टीम द्वारा रोककर कागजात मांगे जाने पर वे कोई वैध प्रपत्र नहीं दिखा सके। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने स्वीकार किया कि उक्त पल्सर बाइक उन्होंने 26 जून 2026 को जनपद बलरामपुर के पचपेड़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत बरगदही कर्बला के पास से चुराई थी। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान प्रमोद कुमार पुत्र वीरेंद्र कुमार (निवासी ग्राम बजहा, थाना कपिलवस्तु) और मोहम्मद मुकीम पुत्र अब्दुल वदूद (निवासी ग्राम सेमरा टोला बजहा, थाना चिल्हियां) के रूप में हुई।
पुलिस ने चोरी की पल्सर मोटरसाइकिल को कब्जे में लेते हुए दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध चिल्हियां थाने में मु.अ.सं. 104/2026 धारा 317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है। विधिक कार्यवाही पूरी करने के बाद बुधवार को दोनों आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया।
सफलता प्राप्त करने वाली टीम में चिल्हियां थानाध्यक्ष पवन कुमार मौर्य, एण्टीथेफ्ट प्रभारी उप निरीक्षक ओम प्रकाश मिश्र, उप निरीक्षक दिनेश चंद मिश्र, हेड कांस्टेबल राजेश यादव, जनपदीय एण्टीथेफ्ट टीम से हेड कांस्टेबल इंद्रेश यादव, हे.का. अमित कुमार यादव, हे.का. जनार्दन प्रजापति, हे.का. रमेश कुमार, हे.का. धर्मेंद्र कुमार और कांस्टेबल अभिनंदन सिंह शामिल रहे।