बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व है विजयदशमी: शिवपाल यादव
जसवंतनगर, इटावा। विजयदशमी पर मैदानी रामलीला देखने क्षेत्रीय विधायक और सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव अपने नाती शिवप्रताप यादव बाबा के साथ पहुंचे। उन्होंने मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान जी की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।
इस अवसर पर उन्होंने लोगों को दशहरा की बधाई देते हुए कहा कि जसवंतनगर की रामलीला ऐतिहासिक है। सपा सरकार के सहयोग से इसे जो आधुनिक भव्यता मिली है, वह समाजवादियों की देन है और यह विश्व पटल पर अलग पहचान रखती है। उन्होंने रामलीला कमेटी के संयोजक अजेंद्र सिंह गौर और प्रबंधक राजीव गुप्ता बबलू के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। मेला कमेटी ने अतिथियों का स्वागत किया। पंचक मुहूर्त में रावण वध: परंपरा के अनुसार दोपहर में रावण अपनी सेना के साथ त्रिगमा कैला देवी मंदिर में पूजन कर कटरापुख्ता चौक पहुंचा और राम-लक्ष्मण को युद्ध के लिए ललकारा। नगर की सड़कों पर युद्ध होते हुए रामलीला मैदान पहुंचा। परंपरा अनुसार नगरवासियों ने रावण की विद्वता के लिए जगह-जगह पूजा भी की। रात 10 बजे पंचक मुहूर्त में विभीषण के बताने पर प्रभु श्रीराम ने रावण की नाभि पर बाण चलाया। रावण के गिरते ही मैदान जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। यहां रावण का पुतला जलाया नहीं, गिराया जाता है। पुतला गिरते ही लोगों ने उसकी अस्थियां प्रसाद स्वरूप ले लीं।
सुरक्षा व्यवस्था: भारी भीड़ को देखते हुए एसपी सिटी बबिता सिंह, सीओ आयुषी सिंह, थानाध्यक्ष कमल भाटी ने खुद कमान संभाली। एसडीएम अभिषेक प्रताप सिंह, तहसीलदार जितेंद्र पटेल और नायब तहसीलदार नेहा सचान भी मौजूद रहीं।