बिना रजिस्ट्रेशन के चल रहे कई अस्पताल व पैथोलॉजी, झोलाछाप डॉक्टरों की भरमार, स्वास्थ्य विभाग मौन
मीरजापुर। राजगढ़ क्षेत्र में इस समय बिना रजिस्ट्रेशन के कई अस्पताल, पैथोलॉजी और झोलाछाप डॉक्टर अपनी फर्जी दुकान धड़ल्ले से भगवान भरोसे चला रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग इन अवैध अस्पतालों, झोलाछाप क्लीनिकों व पैथोलॉजी पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। अगर कार्रवाई की भी जाती है तो मामले को रफा-दफा करके फिर से ये मौत के सौदागर अपनी झोलाछाप दुकान खोलकर बैठ जाते हैं। राजगढ़ क्षेत्र में पचोखरा, भावा, इमीलिया, ददरा, राजगढ़ बाजार, पटेल नगर बाजार, खोराडीह पुल के पास, खोराडीह गांव में चंदनपुर, शक्तेशगढ़ पुल के पास व बाजार स्थित, लहौरा, उदित नगर, धौहा, रामपुर डभही क्षेत्र जैसे तमाम गांव-गांव में बैठे ये झोलाछाप डॉक्टर गरीबों का खून चूस रहे हैं।इन अवैध अस्पतालों व क्लीनिकों में सभी अप्रशिक्षित व अनुभवहीन लोग मरीजों का इलाज कर रहे हैं। इन अनुभवहीन झोलाछाप डॉक्टरों के इलाज से हर साल मौत होने के मामले अक्सर देखे जाते हैं।