बकेवर में ओवरलोड ऑटो से बढ़ा हादसे का खतरा, चेकिंग अभियान की मांग फोटो 955
बकेवर, इटावा। थाना क्षेत्र बकेवर में बकेवर-औरैया और बकेवर-भरथना मार्ग पर ऑटो में क्षमता से अधिक सवारी बैठाने के मामले सामने आ रहे हैं। इससे यात्रियों को असुविधा के साथ-साथ सड़क हादसे की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह-शाम और बाजार के दिनों में ऑटो में निर्धारित सीट से अधिक सवारी बैठा ली जाती है। कई बार चालक के पास और ऑटो के पीछे लटककर यात्रा करने जैसी स्थिति भी देखी जाती है। ओवरलोड होने से वाहन का संतुलन बिगड़ने का खतरा रहता है। नागरिकों का कहना है कि नियमों का पालन कराया जाना जरूरी है ताकि कोई अनहोनी न हो। वहीं दूसरी ओर कुछ ऑटो चालकों का कहना है कि सवारी की अधिकता और रोजगार की मजबूरी के कारण कभी-कभी ऐसी स्थिति बन जाती है, लेकिन वे भी सुरक्षित संचालन के पक्ष में हैं। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और यातायात पुलिस से मांग की है कि नियमित चेकिंग अभियान चलाया जाए, ऑटो चालकों को जागरूक किया जाए और क्षमता से अधिक सवारी बैठाने पर रोक लगाई जाए, जिससे आम लोगों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित हो सके।