बिजली व्यवस्था को लेकर विधायक रमाशंकर पटेल ने अधिकारियों के साथ की बैठक, दिए आवश्यक निर्देश
मीरजापुर। शनिवार को पूर्व मंत्री एवं मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने अपने शुक्लहा स्थित आवास में विद्युत विभाग के चीफ, एसी एवं एक्सईएन के साथ विधानसभा क्षेत्र मड़िहान में बिजली व्यवस्था से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।बैठक के दौरान विधायक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विधानसभा क्षेत्र के जिन मजरों एवं पुरवों में अभी तक बिजली की सुविधा नहीं पहुंची है, वहां तत्काल आवश्यक व्यवस्था कर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाना चाहिए। विधायक ने कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि कराने तथा जले हुए ट्रांसफार्मरों को सरकार की मंशा के अनुरूप 24 घंटे के भीतर बदलने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विद्युत आपूर्ति में अनावश्यक बाधा न उत्पन्न हो और ग्रामीण क्षेत्रों में निर्धारित व्यवस्था के अनुसार 20 घंटे से कम बिजली आपूर्ति न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण कर टेढ़े विद्युत पोल एवं लटकते तारों को भी प्राथमिकता के आधार पर तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे और लोगों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिल सके। इसके साथ ही विधायक ने विद्युत विभाग से जुड़े अन्य विभिन्न मुद्दों पर भी अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की तथा क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।