बेहोशी की हालत में मिले युवक की इलाज के दौरान मौत चकेढ़ी गांव का निवासी था राहुल मिश्रा, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
संग्रामगढ़। संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के चकेढ़ी गांव निवासी संतोष मिश्रा के 28 वर्षीय पुत्र राहुल मिश्रा की इलाज के दौरान मौत हो गई। वह नेवादा कला गांव के पास लावारिस हालत में बेहोश पड़ा मिला था। राहगीरों और ग्रामीणों ने उसे एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामगढ़ पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
अस्पताल में युवक की मौत के बाद चिकित्सकों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक किन परिस्थितियों में बेहोश हुआ और उसकी मौत कैसे हुई, इसे लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। स्थानीय स्तर पर युवक के साथ मारपीट और जानलेवा हमले की आशंका भी जताई जा रही है। वहीं, कुछ लोगों ने उसके शराब पीने का आदी होने की बात कही है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों के अनुसार, युवक को शराब के नशे में बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया था। हालांकि, उसकी मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।