भाकियू टिकैत ने मतदाता सूची से नाम काटने की निष्पक्ष जांच की मांग
फतेहपुर। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान पात्र मतदाताओं के नाम काटे जाने की शिकायतों को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) ने शनिवार को राष्ट्रपति के नाम 8 सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। युवा जिलाध्यक्ष विवेक सिंह एडवोकेट ने ज्ञापन में कहा कि पुनरीक्षण के नाम पर किसी पात्र नागरिक को मतदान के अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। हटाए गए नामों का विवरण सार्वजनिक करने, प्रभावितों को आपत्ति का अवसर देने और गलत तरीके से नाम हटाने पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की मांग की गई। संगठन ने किसानों, मजदूरों, आदिवासियों, दलितों, पिछड़ों और कमजोर वर्गों के पात्र मतदाताओं को विशेष सहायता देने पर जोर दिया। कहा कि दस्तावेजों की कमी या तकनीकी खामी से किसी का मताधिकार प्रभावित नहीं होना चाहिए।
ज्ञापन में निर्वाचन प्रक्रिया की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण और पारदर्शिता की मांग भी की गई। संगठन ने कहा कि इसका उद्देश्य किसी दल का समर्थन या विरोध नहीं, बल्कि निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था की रक्षा है। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। मौके पर राजेन्द्र सिंह, प्रदेश सचिव रनमन सिंह, जिला उपाध्यक्ष विपिन सिंह यादव, यूसुफ तबरेज, सर्वेश सिंह, दीपू मिश्रा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।