बच्चों के अधिगम में वृद्धि के लिए टीम भावना से करें कार्य:BEO
कौशाम्बी। बच्चों की नियमित उपस्थिति और शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार पर जोर देते हुए विकासखंड नेवादा के कंपोजिट विद्यालय पेरई में विद्यालय प्रबंध समिति (SMC) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने, पठन-पाठन की गुणवत्ता सुधारने और अभिभावकों की जिम्मेदारी तय करने पर चर्चा हुई। खंड शिक्षा अधिकारी बृजेश सिंह ने कहा कि विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें और जिन बच्चों के खातों में शासन की ओर से धनराशि भेजी गई है, उनके लिए ड्रेस, स्कूल बैग, जूता-मोजा आदि सामग्री अवश्य उपलब्ध कराएं। अभिभावक विद्यालय की शैक्षिक गतिविधियों का नियमित अवलोकन भी करें। बैठक का संचालन राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षक हरिओम सिंह ने किया। उन्होंने टीम भावना के साथ कार्य करने और बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की।
शिक्षिका प्रतिमा कुमारी ने अनियमित बच्चों को चिन्हित कर उन्हें नियमित भेजने पर जोर दिया, वहीं प्रधानाध्यापिका सत्यवती देवी ने बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की अपील की। बैठक में BEO बृजेश सिंह, प्रधानाध्यापिका सत्यवती देवी, हरिओम सिंह, प्रतिमा कुमारी, SMC सदस्य और अभिभावक उपस्थित रहे।