बाबागंज के परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा चौपाल, बच्चों की बेहतरी पर हुई चर्चा
प्रतापगढ़।क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय बहोरिकपुर एवं प्राथमिक विद्यालय ऐमापुर द्वितीय में खंड शिक्षा अधिकारी आशीष मिश्र की अगुवाई में शिक्षा चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में आए अभिभावकों और ग्रामीणों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना गया और उनके त्वरित समाधान का आश्वासन दिया गया। शिक्षा चौपाल के दौरान गुरुजनों ने परिषदीय विद्यालयों में सरकार द्वारा दी जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में मुख्य रूप से बच्चों को 'निपुण' बनाने और उनकी शैक्षणिक बेहतरी पर गहन मंथन हुआ।
अभिभावकों ने भी अपने अनुभव साझा किए। अधिकारियों और शिक्षकों ने अभिभावकों को बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने तथा उनकी पढ़ाई के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। साथ ही विद्यालय के समग्र विकास में समुदाय से सहयोग की अपील की गई। खंड शिक्षा अधिकारी आशीष मिश्र ने कहा कि जनसहयोग और जागरूक अभिभावकों के बल पर ही विद्यालयों के शैक्षणिक स्तर को नए आयाम तक पहुंचाया जा सकता है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक एवं ग्रामीण मौजूद रहे।